दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हड़कंप मच गया। यात्रियों और क्रू की मदद से हमलावर को काबू किया गया, जिसके बाद विमान की सऊदी अरब के तबूक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई। दुबई से तेल अवीव जा रहा विमान जब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर जॉर्डन के ऊपर से गुजर रहा था, तभी कॉकपिट के अंदर दो पायलटों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। आरोप है कि ओमान मूल के सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले के दौरान विमान ने अचानक संतुलन खो दिया और महज 30 से 40 सेकंड में करीब 14 हजार फीट नीचे आ गया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार विमान 34 हजार फीट से गिरकर 20 हजार फीट पर पहुंच गया था। इस दौरान पायलटों के बीच संघर्ष के चलते विमान ने पहले इमरजेंसी कोड 7700 और फिर हाईजैक का संकेत देने वाला कोड 7500 भेजा। हालात की गंभीरता को देखते हुए इजरायल ने अपने लड़ाकू विमानों को भी हवा में भेज दिया।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने अदम्य साहस दिखाया। उन्होंने खून से लथपथ हालत में कॉकपिट का लॉक दरवाजा खोल दिया, ताकि बाहर मौजूद क्रू और यात्री मदद के लिए अंदर आ सकें। यात्रियों के मुताबिक कॉकपिट के पास से चीखने की आवाजें आ रही थीं और दरवाजे पर खून के निशान थे। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बताया कि यानिव हयून नाम के एक यात्री ने सबसे पहले कॉकपिट में प्रवेश कर हमलावर को काबू करने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद क्रू और उसी फ्लाइट में यात्रा कर रहे फ्लाईदुबई के अन्य पायलटों ने विमान को संभाला और उसे सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया। विमान में 174 यात्री सवार थे।
लैंडिंग के बाद दोनों पायलटों को तबूक के अस्पताल ले जाया गया। भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि कैप्टन मच्छर को जरूरी चिकित्सा सहायता मिल रही है और उनकी हालत स्थिर है। सऊदी अधिकारियों ने हमलावर सह-पायलट को हिरासत में ले लिया है।
घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छर को असाधारण बहादुरी वाला सच्चा हीरो बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय कैप्टन की हिम्मत को सलाम करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। फ्लाईदुबई ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट से तेल अवीव भेज दिया गया है। जांच पूरी होने तक एयरलाइन ने इजरायल के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं।







