देहरादून। दून में हाईप्रोफाइल ड्रग MDMA के साथ पुलिस ने एक बार फिर दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी केरल के रहने वाले हैं और देहरादून में रहकर निजी शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 8.73 ग्राम MDMA बरामद की है।
प्रेमनगर पुलिस ने बीती रात चेकिंग के दौरान पौंधा के पास से आदिल मोन और साबिर अली को गिरफ्तार किया। दोनों का हाल पता ठाकुरपुर रोड, प्रेमनगर है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि महंगे शौक पूरे करने के लिए वे MDMA को सस्ते दामों में खरीदकर लाए थे और यहां छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचते थे।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पुलिस ने छह छात्रों को MDMA के साथ गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से साफ है कि दून में शिक्षण संस्थानों के आसपास ड्रग का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और तस्करी में छात्र ही तस्कर बन रहे हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







