कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के लाल ने विदेशी धरती पर तिरंगा लहरा दिया है। कीर्तिनगर विकासखंड के पठवाड़ा गांव के रहने वाले पंकज बिष्ट ने बैंकॉक में आयोजित 58वीं एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
पंकज ने इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपनी बेहतरीन फिटनेस और दमदार प्रदर्शन से जजों का दिल जीत लिया।
पंकज बिष्ट सुरेंद्र सिंह बिष्ट और सरोजनी देवी बिष्ट के सुपुत्र हैं। उनकी माता का मायका लोस्तु-बड़ियारगढ़ के ग्राम रथेड़ में है।
पंकज की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव पठवाड़ा सहित पूरे कीर्तिनगर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।
पंकज की जीत ने साबित कर दिया है कि पहाड़ की प्रतिभाएं भी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी चमक सकती हैं।





