चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की पहले से क्षतिग्रस्त दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्री वॉल पहले ही क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को उसी दीवार की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। तभी कमजोर हो चुकी दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई और वे मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों के साथ स्थानीय व्यापारी और लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद पूरे अस्पताल परिसर में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।








