कोटद्वार / देहरादून। उत्तराखंड सतर्कता विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटद्वार फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
त्यागी पर आरोप है कि उन्होंने लैंसडाउन में बन रहे एक होटल की फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने के एवज में होटल संचालक से मोटी रकम की मांग की थी।
मिली जानकारी के अनुसार, लैंसडाउन निवासी एक होटल व्यवसायी ने अपने होटल के लिए फायर विभाग से NOC के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस काम को आगे बढ़ाने के लिए प्रभारी अधिकारी भूपेश त्यागी ने उनसे 20 हजार रुपये की मांग रखी।
होटल व्यवसायी रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने इस पूरे मामले की शिकायत देहरादून स्थित सतर्कता विभाग को दी। शिकायत की जांच के बाद थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने योजना के तहत बुधवार को छापा मारा। टीम ने त्यागी को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सतर्कता विभाग अब यह पता लगा रहा है कि क्या अधिकारी ने इससे पहले भी अन्य लोगों से इसी तरह रिश्वत ली है।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभागीय जांच के लिए भी रिपोर्ट भेजी जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद कोटद्वार और लैंसडाउन क्षेत्र में फायर विभाग से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं स्थानीय होटल व्यवसायियों ने सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।












