देहरादून। पहाड़ से मैदान में आकर देहरादून में बसने का सपना देख रहे लोगों के लिए ये खबर चेतावनी है। रायपुर क्षेत्र में बैंक में गिरवी पड़ी जमीन को बेचकर 40 लाख की ठगी का मामला सामने आया है।
पुलिस ने इस मामले में डेढ़ साल से फरार चल रहे पिता-पुत्र को यूपी के शामली से गिरफ्तार किया है।
ऐसे दिया झांसा
पीड़ित महिला ने रायपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि रायपुर में एक जमीन का सौदा 45 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोपियों ने किस्तों में 40 लाख रुपये ले लिए और कहा कि जल्द रजिस्ट्री करा देंगे।
जब रजिस्ट्री के लिए कागजातों की जांच कराई गई तो सच्चाई सामने आई। पता चला कि जमीन पहले से ही बैंक में बंधक है और उस पर 18 लाख रुपये का लोन है।
मुख्य आरोपी की मौत, बाप-बेटा पकड़े गए
इस पूरे खेल की मुख्य आरोपी एक महिला थी, जिसकी पहले ही मृत्यु हो चुकी है। मुकदमा दर्ज होते ही उसका पति और बेटा घर छोड़कर फरार हो गए थे और शामली में छिपकर रह रहे थे।
रायपुर पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से दोनों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों को देहरादून लाकर कोर्ट में पेश करेगी।









