रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की एक युवती ने अपनी मां के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंचकर अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
युवती का आरोप है कि उसका पिता लंबे समय से उसके साथ गलत हरकत कर रहा है और विरोध करने पर पूरे परिवार को हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। लोकलाज और डर की वजह से वह अब तक चुप रही, लेकिन अब हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस से मदद मांगी है।
पीड़िता ने बताया कि उसके साथ नाबालिग उम्र से ही इस तरह का व्यवहार किया जा रहा था। जब उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई तो दोनों एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कार्यालय ने तुरंत ट्रांजिट कैंप पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने तहरीर ले ली है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।








