उत्तरकाशी। दर्शन की आस लेकर निकला सफर मौत के सफर में बदल गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया।
बताया जा रहा है कि गुजरात से आए 6 यात्री और एक चालक, कुल 7 लोग सुबह हीना के पास से गंगोत्री धाम के लिए निकले थे। गंगनानी बाजार को पार करके जैसे ही गाड़ी डबरानी की ओर बढ़ी, अचानक चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण छूट गया।
पल भर में ही गाड़ी सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे नदी में समा गई।
नदी किनारे बिखरे शव, मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस, SDRF और 108 की टीमें दौड़कर मौके पर पहुंचीं। नदी किनारे राहत-बचाव का काम शुरू हुआ तो खौफनाक मंजर सामने आया।
रेस्क्यू टीम को अब तक नदी किनारे से *5 लोगों के शव* मिल चुके हैं। सभी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
गाड़ी में कुल 7 लोग थे, *बाकी 2 लोग अभी भी लापता* हैं। उनकी तलाश के लिए SDRF की टीमें नदी किनारे और आसपास के इलाके में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
कौन थे सवार
वाहन में सवार सभी 6 यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं। चालक समेत सभी के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। अभी मृतकों के नाम सामने नहीं आए हैं।
सवाल फिर वही
गंगोत्री मार्ग पर ये कोई पहला हादसा नहीं है। संकरी सड़क, तीखे मोड़ और तेज ढलान हर बार यात्रियों के लिए जानलेवा बन जाते हैं। सवाल ये है कि आखिर कब तक दर्शन करने निकले श्रद्धालु ऐसे हादसों का शिकार होते रहेंगे?
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और लापता दो लोगों की तलाश जारी है।










