देहरादून। जानकारी के अनुसार, वारदात बीते गुरुवार रात की बताई जा रही है। लक्ष्मणचौक कांवली रोड निवासी आकाश कुमार (23) सहस्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क में एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उनकी शिफ्ट शाम छह से रात दो बजे तक होती है। गुरुवार रात सवा दो बजे वे सहस्रधारा क्रॉसिंग के पास घर जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक करा रहे थे। इसी दौरान स्कूटर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन्हें जबरन स्कूटर पर बैठा लिया। बदमाश उन्हें घंटाघर, बिंदाल पुल और गढ़ी कैंट होते हुए जामुनवाला में पुल पर ले गए। वहां बदमाशों ने आकाश को स्कूटर से उतारा और पंच से हमला कर दिया। उन्होंने आकाश का बैग, दो मोबाइल और पर्स जिसमें 700 रुपये थे लूट लिए। इसके बाद पुल से नीचे फेंक दिया।
रातभर दर्द से तड़प रहे आकाश पर सुबह वहां से गुजर रहे एक पंडित की नजर पड़ी। घटना की गंभीरता को समझते हुए पंडित ने तुरंत पास के सैन्य क्षेत्र से फौजियों को मदद के लिए बुलाया। सेना के जवानों ने आकाश को नदी से सुरक्षित बाहर निकालकर पुल तक पहुंचाया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। एंबुलेंस से आकाश को दून अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।







