देहरादून। उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सविन बंसल को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। 2009 बैच के इस अधिकारी को लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव पद पर 3 साल के लिए प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है।
दिलचस्प बात ये है कि जिस लोकसभा सचिवालय में अब सविन बंसल ज्वाइन करेंगे, उसी दफ्तर से उनके देहरादून के जिलाधिकारी रहते हुए एक शिकायत पत्र भी भेजा गया था। उस समय यह मामला काफी चर्चा में रहा था।
कई महीनों से सविन बंसल की केंद्रीय डेपुटेशन की अटकलें लग रही थीं। अब उत्तराखंड सरकार ने उनके प्रतिनियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। इसके बाद वह जल्द ही दिल्ली में लोकसभा सचिवालय में अपनी नई पारी शुरू करेंगे।
सविन बंसल देहरादून डीएम के तौर पर अपने सख्त प्रशासनिक फैसलों के लिए जाने जाते हैं। अब केंद्र में अहम पद मिलने के बाद उनसे नई भूमिका में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक वह अगले 3 साल तक इस पद पर कार्यरत रहेंगे।








