देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में चौकीदार बनने के लिए युवाओं में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा निकाली गई भर्ती में 2364 पदों के लिए अब तक 48 हजार 834 आवेदन पहुंच चुके हैं। इस हिसाब से एक पद के लिए 20 से ज्यादा दावेदार हैं।
विभाग ने 4 फरवरी से आउटसोर्स एजेंसी के जरिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। चयन होने पर अभ्यर्थियों को 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने साफ किया है कि इस भर्ती में स्थानीय लोगों को पहले मौका दिया जाएगा।
किस जिले में कितनी मारामारी
सबसे ज्यादा आवेदन पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी से आए हैं। पिथौरागढ़ में 197 पदों के लिए 5736 लोगों ने फॉर्म भरा है, जबकि उत्तरकाशी में 135 पदों पर 5590 आवेदन आए हैं।
टिहरी में 268 पदों के लिए 4804, चमोली में 179 पदों पर 4625 और पौड़ी में 340 पदों के लिए 4400 आवेदन मिले हैं। वहीं सबसे कम प्रतिस्पर्धा देहरादून में दिख रही है, जहां 195 पदों के लिए 2195 आवेदन ही आए हैं।
13 जिलों का पूरा आंकड़ा
जिला कुल पद कुल आवेदन
पिथौरागढ़ 197 आवेदन 5736
उत्तरकाशी 135 आवेदन 5590
टिहरी 268 आवेदन 4804
चमोली 179 आवेदन 4625
पौड़ी 340 आवेदन4400
यूएसनगर 182 आवेदन 3555
नैनीताल 208 आवेदन 3356
हरिद्वार 91 आवेदन 2724
रुद्रप्रयाग 106 आवेदन 2529
बागेश्वर 89 आवेदन 2517
चम्पावत 120 आवेदन 2353
देहरादून 195 आवेदन 2195
अधिकारियों का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी और योग्य अभ्यर्थियों को राज्यभर के स्कूलों में तैनात किया जाएगा।









