देहरादून। राजधानी देहरादून में एक महिला न्यायाधीश के साथ रैपिडो कैब में सनसनीखेज घटना सामने आई है। 21 अक्टूबर की शाम बलबीर रोड से सौड़ा सरौली के लिए कैब बुक करने पर ड्राइवर ने रास्ता बदलकर उन्हें अंधेरी सुनसान गली में ले जाकर धमकाने और दोगुना किराया मांगने की कोशिश की।
पीड़िता के मुताबिक ओटीपी के बाद कुछ दूरी पर ही ड्राइवर 9 किलोमीटर के लिए दोगुना किराया मांगने लगा। मना करने पर वह उन्हें मुख्य सड़क के बजाय सुनसान गली में ले गया। डर कर महिला जज ने तुरंत अपने कोर्ट स्टाफ को फोन किया और रैपिडो कंपनी में भी शिकायत की। आरोपी ने धमकी दी कि पुलिस में उसकी अच्छी जान-पहचान है।
बाद में आरोपी कॉलोनी गेट पर पहुंचकर राइड कैंसिल कर हंगामा करने लगा। कॉलोनी के गार्ड से भी अभद्रता की और आधे घंटे तक हंगामा किया। सूचना पर चीता पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाने ले गई। डालनवाला कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।











