देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों की कथित बंदरबांट और सार्वजनिक संपत्तियों के निजी हाथों में सौंपे जाने के विरोध में कांग्रेस ने आज 4 नवंबर से प्रदेशव्यापी ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान का आगाज कर दिया है। यह अभियान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत आज सुबह 10 बजे से प्रदेश के 11 प्रमुख स्थानों पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके लिए पार्टी ने विधानसभा वार प्रभारियों की नियुक्ति की है। हल्द्वानी के एचएमटी रानीबाग क्षेत्र में विधायक सुमित हृदयेश और तिलकराज बेहड़ प्रदर्शन की कमान संभाल रहे हैं, वहीं नैनीताल के पटवाडांगर और ज्योलीकोट में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल को जिम्मेदारी दी गई है। मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल खुद नेतृत्व कर रहे हैं जबकि हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और ऋषिकेश में आईडीपीएल की 633 एकड़ भूमि के मुद्दे पर डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में विरोध हो रहा है।
प्रदेश महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि यह अभियान केवल सांकेतिक नहीं है बल्कि कांग्रेस सरकारी संपत्तियों और जमीनों से जुड़े हर मामले को जनता के बीच ले जाएगी। प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि धामी सरकार में भूमि और प्राकृतिक संसाधनों की खुली लूट हो रही है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।











