पौड़ी। जिला मुख्यालय से सटे खांडूसैंण क्षेत्र में सोमवार शाम दिल दहला देने वाली घटना हुई। गुलदार ने 7 वर्षीय बालिका पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बालिका घर के पास ही थी, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और झाड़ियों की तरफ खींच ले गया। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद बालिका का शव बरामद हुआ।
वन विभाग के खिलाफ आक्रोश
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गुलदार की चहलकदमी देखी जा रही थी, कई बार वन विभाग को सूचना भी दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और गुलदार को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।











