जनपद रुद्रप्रयाग के जवाड़ी पुल के समीप उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब एक बलेनो कार (DL 8CAL 5355) अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना जवाड़ी बाईपास की नई सुरंग के पास हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF, कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दुर्गम और जोखिम भरे हालात के बीच संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने कार में फंसे दो लोगों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान देव (24 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी किशनगढ़, बसंतकुंज नई दिल्ली के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में घायल बालकृष्ण उर्फ तुषार (22 वर्ष), पुत्र मणिकंदन, निवासी महावीर एन्क्लेव, द्वारका, नई दिल्ली को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है।
प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई है।









