नई दिल्ली। टीवी चैनल ABP न्यूज के डिजिटल विंग में बड़ी उथल-पुथल हुई है। नेहा राठौर से जुड़ी एक खबर को गलत तरीके से दिखाने के मामले में मैनेजमेंट ने सख्त एक्शन लिया है और तीन कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
सूत्रों की मानें तो पूरा मामला फैक्ट-चेक में लापरवाही का है। खबर को बिना ठीक से जांचे-परखे यूट्यूब और शॉर्ट्स पर डाल दिया गया था, जिससे चैनल को काफी किरकिरी झेलनी पड़ी। इसी को गंभीरता से लेते हुए कंपनी ने अंदरूनी जांच बैठाई।
जांच में सामने आया कि वीडियो हेड ने अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई। उन्हें हर कंटेंट का सच परखना था, पर उन्होंने जल्दबाजी में अप्रूवल दे दिया। वहीं शिफ्ट संभाल रहे इंचार्ज ने भी वीडियो को बिना क्रॉस-चेक किए पब्लिश होने दिया। तीसरा मामला यूट्यूब शॉर्ट्स से जुड़ा था, जहां बिना पुष्टि के एक पोस्ट को वायरल कर दिया गया।
इन तीनों की लापरवाही को बड़ी चूक मानते हुए प्रबंधन ने तुरंत नौकरी से निकालने का फैसला लिया है। हालांकि इस पूरे एक्शन पर अभी तक ABP की तरफ से कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है, लेकिन अंदरखाने चर्चा है कि आगे से डिजिटल कंटेंट को लेकर और सख्त गाइडलाइन बनाई जाएगी।










