हरिद्वार। झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह गोलीकांड से हड़कंप मच गया। एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक और एक युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही दोनों खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े और दोनों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक मुन्ना पुत्र अशोक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवती रूपा की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अमन ने सुबह अचानक मुन्ना और रूपा पर गोलियां चला दीं। फायरिंग की आवाज से पूरे गांव में दहशत फैल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआई ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।








