नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने गुरुवार शाम अपना इस्तीफा पार्टी नेतृत्व को भेज दिया था। हालांकि खबर लिखे जाने तक भाजपा की ओर से इस इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इस्तीफा देने के तुरंत बाद शहजाद पूनावाला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स में भी बदलाव कर लिए। उन्होंने X समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर अपने बायो से ‘भाजपा’ शब्द हटा दिया। अब उन्होंने खुद को ‘भारतीय’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘आजीवन अनुयायी’ बताया है।
शहजाद पूनावाला पहले कांग्रेस से जुड़े हुए थे। बाद में वह भाजपा में शामिल हुए और पार्टी के सबसे मुखर टीवी प्रवक्ताओं में गिने जाने लगे। विभिन्न राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के कारण उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई थी।
फिलहाल उनके इस्तीफे के पीछे की वजहों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। भाजपा की तरफ से भी इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिसके कारण राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है।







