रुद्रपुर। उधम सिंह नगर में मोबाइल फोन खरीदने की चाहत में दो नाबालिग चोरी के मामले में पकड़े गए हैं। पुलिस पूछताछ में जो कहानी सामने आई है उसने सभी को हैरान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार दोनों किशोर नया महंगा मोबाइल फोन लेना चाहते थे, लेकिन पैसे नहीं थे। पैसों की व्यवस्था करने के लिए उन्होंने चोरी का रास्ता चुना। उन्होंने सुनियोजित तरीके से एक घर को निशाना बनाया और वहां से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक आरोपी किशोर का परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से उसी पीड़ित व्यक्ति के मकान में किराएदार के रूप में रह रहा है। लंबे समय से एक ही घर में रहने के कारण आरोपियों को घर की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
घटना की तहरीर मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों किशोरों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामद जेवरातों को कब्जे में लेकर दोनों किशोरों को हिरासत में लिया गया है और बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पूरी कार्रवाई उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, मेराजउद्दीन, मुख्य आरक्षी करन, आरक्षी कुलदीप और होमगार्ड कुलदीप की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों की काउंसलिंग भी कराई जाएगी ताकि वे दोबारा इस तरह के अपराध की ओर न जाएं।









