श्रीनगर गढ़वाल। स्वीत गांव से आगे देवलगढ़ की ओर जाने वाली सड़क पर देर रात एक कार अनियंत्रित होकर खाई में लटक गई। हादसे में कार सवारों की जान बाल-बाल बच गई। बताया जा रहा है कि कार सड़क से फिसलकर किनारे पर अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
मौके पर पहुंचे स्वीत गांव के वरिष्ठ नागरिक विपिन रावत ने बताया कि क्षेत्र में देर रात तक युवाओं का आना और सड़क किनारे शराब का सेवन करना आम होता जा रहा है। इससे न केवल दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है बल्कि गांव के माहौल पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
ग्रामीणों ने श्रीनगर के कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए समय सारणी तय की जाए और उसका सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही पुलिस प्रशासन से देवलगढ़ रोड सहित संवेदनशील इलाकों में रात के समय गश्त बढ़ाने और शराब सेवन करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है।








