जखोली/रुद्रप्रयाग। विकासखंड में हर वर्ष आयोजित होने वाला कृषि एवं औद्योगिक विकास पर्यटन मेला इस वर्ष भी भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। पांच दिवसीय यह मेला 2 दिसंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर तक चलेगा। मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख विनीता चमोली ने बताया कि यह मेला विशेष रूप से कृषकों के लिए हर वर्ष आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना है, ताकि वे एक ही स्थान पर जानकारी के साथ-साथ योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकें। मेले में कृषि, स्वास्थ्य, उद्यान, खाद्यान्न सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां संबंधित अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि किसानों और ग्रामीणों के लिए जानकारी और अवसरों का एक बड़ा मंच है।
वहीं शिक्षाविद डॉ. जगदंबा प्रसाद चमोली ने कहा कि छात्र-छात्राओं को भी इस मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने जूनियर हाईस्कूल से लेकर इंटर कॉलेज तक के सभी छात्र-छात्राओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया है। उनका कहना है कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलता है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
बहरहाल ग्रामीण क्षेत्रों में मेले को लेकर जनता में बहुत उत्साह है।












