मौसम विभाग की चेतावनी के बाद बागेश्वर जिले में 5 अगस्त बुधवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने 4 अगस्त को जारी पूर्वानुमान में बताया कि 5 अगस्त को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की भी आशंका जताई गई है। इस चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम की इस स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक के समस्त शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र भी इस दिन नहीं खुलेंगे। आदेश में कहा गया है कि मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी बागेश्वर इसका अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। अवकाश के आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।








