उत्तराखंड में आज रविवार को मौसम मिला-जुला रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
विभाग के अनुसार आज पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और गरज के साथ बिजली चमकने के आसार हैं।
वहीं 12 और 13 अक्टूबर को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 14-15 अक्टूबर तक ऊंचाई वाले इलाकों में यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
राजधानी देहरादून में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह आंशिक बादल रहेंगे और दिन में बादल छाए रहने की संभावना है।











