देहरादून। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के लिए उत्तराखंड पुलिस ने इस बार अभिनव पहल की है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता परेड 2026 का सीधा प्रसारण उत्तराखंड के सभी थानों में किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि शाम साढ़े पांच बजे प्रदेश के हर थाने में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली छात्र छात्राओं और युवाओं को एक साथ बिठाकर इस भव्य परेड का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा ताकि प्रधानमंत्री का एकता और अखंडता का संदेश पहाड़ के सुदूरवर्ती गांवों से लेकर तराई के सीमांत क्षेत्रों तक पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि इस प्रसारण के बाद सभी थानों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें लोगों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूक किया जाएगा। इससे पहले सुबह के समय सभी जिला पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों की परेड और राष्ट्रीय एकता की शपथ का कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने वरिष्ठ अधिकारियों को जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है जिसमें देहरादून में एडीजी वी मुरुगेशन और आईजी रिधिम अग्रवाल, नैनीताल में एडीजी एपी अंशुमान, हरिद्वार में आईजी विम्मी सचदेवा, उधमसिंह नगर में आईजी कृष्ण कुमार वीके समेत अन्य जिलों में आईजी स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे।











