देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने डॉक्टरों को बड़ी सौगात दी है। रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में सीनियर रेजीडेंट, जूनियर रेजीडेंट और डिमॉन्स्ट्रेटर डॉक्टरों के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। सरकार ने पहाड़ी क्षेत्रों में तैनात डॉक्टरों को मैदानी इलाकों की तुलना में अधिक वेतन वृद्धि देकर पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का संदेश दिया है।
कैबिनेट के फैसले के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों में कार्यरत सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों का मासिक वेतन 90 हजार से बढ़ाकर 1 लाख 10 हजार रुपये कर दिया गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तैनात सीनियर रेजीडेंट का वेतन 84 हजार से बढ़ाकर 1 लाख 5 हजार रुपये किया गया है। इसी तरह पहाड़ी क्षेत्रों में जूनियर रेजीडेंट डॉक्टरों का वेतन 76 हजार से बढ़ाकर 85 हजार रुपये और मैदानी क्षेत्रों में 71 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। डिमॉन्स्ट्रेटर के वेतन में भी इसी अनुपात में इजाफा किया गया है।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से विशेषकर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में डॉक्टरों की तैनाती को प्रोत्साहन मिलेगा और डॉक्टरों के पलायन पर रोक लगेगी। लंबे समय से डॉक्टर वेतन वृद्धि की मांग कर रहे थे, जिसे सरकार ने अब पूरा कर दिया है।












