गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी अब प्रदेश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लबों में शुमार गढ़वाल हीरोज फुटबॉल क्लब के संरक्षक की भूमिका निभाएंगे। वर्ष 1953 में स्थापित इस ऐतिहासिक क्लब की प्रबंधन समिति ने उनसे संरक्षक का दायित्व संभालने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
इस अवसर पर सांसद बलूनी ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि गढ़वाल और पूरे उत्तराखंड की युवा खेल प्रतिभाओं के भविष्य को संवारने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के अनेक होनहार खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद फुटबॉल के मैदान में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे खिलाड़ियों को बेहतर मंच, सुविधाएं और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांसद बलूनी ने विश्वास जताया कि गढ़वाल हीरोज फुटबॉल क्लब युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि क्लब के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड और भारत का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे तथा खेल जगत में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे।”
सांसद के संरक्षक बनने से क्लब और क्षेत्र के फुटबॉल खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। खेल प्रेमियों का मानना है कि इससे गढ़वाल क्षेत्र में फुटबॉल को नई दिशा और पहचान मिलेगी।








