देहरादून। उत्तराखंड शासन ने 25 नवंबर को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा के 13 अधिकारियों के स्थानांतरण और तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। गृह अनुभाग एक से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनकी वर्तमान तैनाती से अवमुक्त करते हुए नए पदभार पर तैनात किया जाता है। इस फेरबदल में कई जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए गए हैं, जिसे चुनाव से पहले का सबसे बड़ा पुलिस फेरबदल माना जा रहा है।
सबसे बड़ा बदलाव नैनीताल जिले में हुआ है। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहे मंजूनाथ टीसी को हटाकर उन्हें सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह एसडीआरएफ के सेनानायक रहे अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसी तरह ऊधमसिंह नगर के पुलिस अधीक्षक रहे अजय गणपति कुमार को सेनानायक एसडीआरएफ बनाया गया है, जबकि अभिसूचना में तैनात मणिकान्त मिश्रा को ऊधमसिंह नगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
पौड़ी जिले में भी कप्तान बदल गया है। पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहे सर्वेश पंवार को पुलिस अधीक्षक सुरक्षा अभिसूचना मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर के सेनानायक रहे देवेन्द्र पींचा को पौड़ी का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। टिहरी में भी बदलाव हुआ है। टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रही श्वेता चौबे को सेनानायक आईआरबी द्वितीय बनाया गया है, जबकि पुलिस अधीक्षक सुरक्षा अभिसूचना मुख्यालय में तैनात सरिता डोबाल को टिहरी का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा चमोली जिले में भी नया कप्तान तैनात किया गया है। पुलिस मुख्यालय में तैनात अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सीआईडी सेक्टर देहरादून में तैनात अमित श्रीवास्तव प्रथम को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया गया है, जबकि बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक रहे जितेन्द्र मेहरा को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
आदेश में 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर के सेनानायक रहे पंकज भट्ट को सेनानायक आईआरबी प्रथम बैतलघाट बनाया गया है, जबकि आईआरबी द्वितीय की सेनानायक रही विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। शासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने नए पदभार पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें।











