अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी एंगल की जांच कर रही सीबीआई ने पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट कराया है। सीबीआई ने राठौर को 24 नवंबर को गुजरात के गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब में पेश होने का नोटिस दिया था। राठौर सोमवार 23 नवंबर को हरिद्वार से गांधीनगर के लिए रवाना हुए थे और मंगलवार सुबह वह एफएसएल पहुंचे थे, जहां पहले उनका मेडिकल परीक्षण हुआ और उसके बाद नार्को एनालिसिस और पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया शुरू हुई।
रवाना होने से पहले राठौर ने वीडियो जारी कर कहा था कि उन्हें सीबीआई जांच पर कोई आपत्ति नहीं है, अंकिता को न्याय मिलना चाहिए और वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने खुद को इस मामले में गवाह बताया था और कहा था कि अंकिता उनकी बेटी के समान है, ईश्वर उन्हें सच बोलने की शक्ति दे।
अब तक सीबीआई या एफएसएल की ओर से इस टेस्ट में राठौर ने क्या कहा, क्या खुलासा हुआ, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। टेस्ट के बाद की रिपोर्ट सीधे सीबीआई को सौंपी जाती है, उसे सार्वजनिक नहीं किया जाता। इसलिए सोशल मीडिया पर जो भी दावे चल रहे हैं कि राठौर ने फलां नाम लिया या फलां राज खोल दिया, उन पर भरोसा मत कीजिए, वो सब अफवाह हैं।
दूसरी तरफ अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट अभी बाकी है। उनके वकील के अनुसार उनका टेस्ट भी गांधीनगर में ही होगा, लेकिन अभी अदालत से तारीख तय नहीं हुई है। संभावना है कि अगले 7 से 10 दिनों में उनका टेस्ट हो सकता है।
एक बात और समझ लीजिए कि नार्को टेस्ट में कही गई बात को कोर्ट में सबूत नहीं माना जाता। यह सिर्फ जांच एजेंसी को दिशा देने के लिए होता है। असली जांच तो सीबीआई को उसी दिशा में सबूत जुटाकर करनी होगी। इसलिए राठौर के टेस्ट का असली असर तब पता चलेगा, जब सीबीआई आगे कोई कार्रवाई करेगी या उर्मिला का टेस्ट होगा।










