चमोली के पीपलकोटी में हुए टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की इनोवा कार के ऊपर तोताघाटी के समीप अचानक बोल्डर गिर गया। हादसे में सांसद समेत वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि बोल्डर गिरने के बावजूद किसी को चोट नहीं आई।
श्रीनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने बताया कि सांसद अनिल बलूनी पीपलकोटी टनल हादसे के प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और प्रभावित लोगों से मिलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तोताघाटी के निकट अचानक पहाड़ी से एक बोल्डर उनकी इनोवा गाड़ी के ऊपर आ गिरा।
बोल्डर गिरने से वाहन को नुकसान पहुंचा, लेकिन सांसद समेत सभी लोग सुरक्षित रहे। घटना के बाद वाहन की आवश्यक मरम्मत कराई गई। इसके बाद सांसद बलूनी श्रीनगर से होते हुए दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र में प्रभावित लोगों के बीच पहुंचने के लिए रवाना हो गए।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राहत की सांस ली। भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने कहा कि यह हादसा बेहद अचानक हुआ, लेकिन ईश्वर की कृपा से सभी लोग सुरक्षित हैं। इसके बावजूद सांसद ने अपना दौरा रद्द नहीं किया और वाहन की मरम्मत के बाद पीपलकोटी हादसे से प्रभावित लोगों के बीच पहुंचने के लिए आगे रवाना हो गए।
पीपलकोटी में हुए टनल हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान जारी है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के लिए सांसद का मौके पर पहुंचना घटना की गंभीरता और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।








