देहरादून। विवादों में रहे ज्वालापुर पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और उनकी कथित पत्नी अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले से कई राजनेताओं पर टिप्पणी को लेकर चर्चा में रही उर्मिला पर अब एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। इस बार पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक महिला की तहरीर पर कार्रवाई की है।
शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए उन पर और उनकी नाबालिग बेटी पर बेहद अभद्र टिप्पणियां की हैं। महिला का आरोप है कि उर्मिला ने उन्हें भेजी गई पोस्ट में उनके साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री के लिए भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, उनके चरित्र और उनके काम को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही गईं और भाजपा महिला मोर्चा की अन्य कार्यकर्ताओं के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया।
महिला ने अपनी बेटी को लेकर सबसे गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर उनकी किशोरी बेटी पर भी भद्दी टिप्पणी की और धमकी दी कि अगर उसने आरती गौड़ का साथ दिया तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह तीन बच्चों की मां है और सभी बच्चे उन पर ही निर्भर हैं, ऐसे में वह इस धमकी से बेहद डरी हुई है।
पीड़िता के अनुसार जब उन्होंने उर्मिला को समझाने और ऐसी भाषा का इस्तेमाल न करने की बात कही तो उर्मिला ने उल्टा उन्हें धमकाते हुए कहा कि वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
इस पूरे मामले में पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर ने पुष्टि की है कि महिला की तहरीर के आधार पर उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने बताया कि यह एक पूर्व महिला जिला पंचायत सदस्य की साजिश है। पिछले 6 महीने से मेरा सोशल मीडिया अकाउंट बंद है, मेरा फर्जी अकाउंट बनाकर मुझे बदनाम किया जा रहा है, इस विषय में मैंने पुलिस को अवगत करा दिया है।













