देहरादून। नगर निगम क्षेत्र में ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। रायपुर थाना क्षेत्र में लूट के इरादे से आए एक बदमाश ने लूट को अंजाम न दे पाने की स्थिति में एक बुजुर्ग महिला, उसके पति और नौकरानी पर पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर दिया। तीनों की अस्पताल में मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुई वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। मकान नंबर 16 में घुसे एक आरोपी ने कथित तौर पर पहले बुजुर्ग महिला के गले से चेन लूटने की कोशिश की और विरोध करने पर पेचकस से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंची नौकरानी और बुजुर्ग पति पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों की अस्पताल ले जाने के बाद मौत हो गई।
घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। उस समय 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला घर में मौजूद थीं। आरोप है कि आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। विरोध करने पर उसने पेचकस से उन पर कई वार किए। उनकी चीख सुनकर शीला मौके पर पहुंचीं तो आरोपी ने उन्हें भी निशाना बना दिया। इसके बाद रमेश कपूर पर भी पेचकस से हमला किया गया।
सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की तलाश में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
एसएसपी देहरादून ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










