नैनीताल। मंगलवार रात करीब 10:23 से 10:24 बजे के बीच उत्तराखंड के कई जिलों में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। रुद्रपुर, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, रामनगर, खटीमा, हल्द्वानी, श्रीनगर गढ़वाल, पौड़ी और उत्तरकाशी समेत कई इलाकों में धरती हिली।
अचानक धरती हिलने का अहसास होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर भूकंप के झटकों के संबंध में जानकारी लेनी शुरू कर दी। रात में कई इलाकों में लोग कुछ देर तक घरों के बाहर ही खड़े रहे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.4 रिक्टर रही और इसका केंद्र चमोली जिले के नारायणबगड़ के पास बताया गया है।
जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बागेश्वर में भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी मिली है। फिलहाल जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।









