पौड़ी। लगातार हो रहे सड़क हादसों और स्कूली बच्चों की जान पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए पौड़ी पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। श्रीनगर सहित पूरे जनपद में सुबह से ही पुलिस की टीमें सड़क पर उतर गई हैं और स्कूल बसों, वैन, कार, बाइक और स्कूटी की गहन तलाशी ले रही हैं। इस बार पुलिस का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं है, बल्कि हर हाल में बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाना है।
स्कूल बसों की जांच के दौरान पुलिस सबसे पहले यह देख रही है कि बस में आग बुझाने वाला यंत्र काम कर रहा है या नहीं, फर्स्ट एड बॉक्स में दवाइयां सही हैं या नहीं, आपातकाल के समय बाहर निकलने का रास्ता खुलता है या नहीं और बस में तय संख्या से ज्यादा बच्चे तो नहीं बैठाए जा रहे। बस के कागज, फिटनेस, बीमा, परमिट और चालक का लाइसेंस भी बारीकी से परखा जा रहा है। जहां भी कमी मिल रही है, वहां तुरंत चालान हो रहा है और कई वाहनों को मौके पर ही रोक दिया जा रहा है।
दोपहिया वाहनों पर भी पुलिस की नजर सबसे ज्यादा है। अब बाइक या स्कूटी चलाने वाला ही नहीं, उसके पीछे बैठा व्यक्ति भी बिना हेलमेट के पकड़ा गया तो चालान से नहीं बचेगा। तीन सवारी बैठाना, बिना लाइसेंस गाड़ी दौड़ाना और तेज रफ्तार में वाहन चलाना भी पुलिस के रडार पर है। सबसे सख्त रुख नाबालिग चालकों को लेकर है। अगर कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा गया तो उसका वाहन तुरंत सीज होगा और उसके माता-पिता व वाहन मालिक को भी कानून के दायरे में लाया जाएगा, जिसमें भारी जुर्माने के साथ जेल तक का प्रावधान है।
श्रीनगर में इस सख्ती की वजह हाल में हुआ वह दर्दनाक हादसा भी बना है, जिसमें ट्यूशन से लौट रहे एक नाबालिग छात्र की यूटिलिटी वाहन की टक्कर से जान चली गई थी। उस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था और अभिभावकों के मन में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर बैठ गया था। उसी के बाद से पुलिस ने यह तय कर लिया है कि अब स्कूल खुलने और बंद होने के समय भी विशेष नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी साफ शब्दों में कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, यह सबकी साझा जिम्मेदारी है। स्कूल प्रबंधन यह सुनिश्चित करे कि बच्चों को लाने ले जाने वाला वाहन पूरी तरह सुरक्षित हो और चालक अनुभवी व जिम्मेदार हो। वहीं अभिभावक अपने बच्चों को खुश करने के चक्कर में उन्हें बाइक या स्कूटी की चाबी न थमाएं, क्योंकि एक मिनट की लापरवाही जिंदगी भर के पछतावे में बदल सकती है।
पुलिस का कहना है कि यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।









