राजधानी देहरादून से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला इलाके में एक बोरे में बंद युवती का शव मिला है। शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
गला धारदार हथियार से रेता गया
पुलिस के अनुसार युवती के गले पर धारदार हथियार से रेतने के निशान हैं। इसके अलावा उसके चेहरे पर भी घाव के कई निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शिनाख्त मिटाने के लिए जानबूझकर चेहरा खराब किया गया है।
शुरुआती जांच में लग रहा है कि युवती की हत्या कहीं और की गई और फिर शव को बोरे में बंद करके जामुनवाला में ठिकाने लगाया गया।
शिनाख्त नहीं हो पाई
युवती के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस के अनुसार मृतक युवती की उम्र करीब 25 साल लग रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस युवती की शिनाख्त करने और हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है।











