काशीपुर। जनहित के मुद्दे उठाने वाले आरटीआई कार्यकर्ता और अधिवक्ता हरदीप शर्मा ने अपनी सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी उधम सिंह नगर को प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने बताया कि लगातार जनहित के मामलों में आवाज उठाने के कारण उन्हें जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।
शर्मा ने शासन के 14 जुलाई 2014 के आदेश का हवाला देते हुए सुरक्षा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने छह प्रमुख मामलों में शिकायत और आरटीआई के जरिए कार्रवाई की मांग की है। इनमें उद्यान विभाग की जमीन पर कब्जा और पेड़ कटान, बाबा श्रीचंद मंदिर की सरकारी भूमि, पेयजल योजना में घटिया निर्माण, चैती मेले की लाइट व्यवस्था में गड़बड़ी, नगर निगम के नाले पर अतिक्रमण और गंगापुर गोसाई में पीएम आवास योजना के 584 परिवारों की समस्याएं शामिल हैं।
उन्होंने प्रशासन से इन मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।












