हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े मंदिर गई एक युवती के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 26 वर्षीय युवती का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है, लेकिन 24 घंटे बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं लगा है।
परिजनों की तहरीर के मुताबिक, युवती 1 अक्टूबर गुरुवार को रोजाना की तरह सुबह करीब 7:30 बजे रुड़की रोड स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकली थी। पूजा के बाद वह रोज घर लौट आती थी, लेकिन उस दिन काफी देर तक घर नहीं लौटी।
परिजनों ने आस-पास और मंदिर में तलाश की, लेकिन युवती नहीं मिली। इसके बाद परिजन और ग्रामीण रुड़की रोड की ओर गए तो उन्होंने देखा कि कुछ लोग युवती को जबरदस्ती कार में बैठाकर ले जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।





