ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग के पास बस और बाइक की सीधी भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा सुबह करीब 9 बजकर 5 मिनट पर मूल्या गांव से 3 किलोमीटर आगे देवप्रयाग की तरफ हुआ। ऋषिकेश से गोपेश्वर जा रही बस संख्या UK-11-PA-0316 की श्रीनगर की ओर से आ रही बाइक UK-12-G-1916 से जोरदार टक्कर हो गई।
बाइक पर वासु और रहमत नाम के दो युवक सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। दूसरे घायल युवक को तहसीलदार देवप्रयाग ने तुरंत अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग पहुंचाया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक श्रीनगर में पीओपी का काम करते थे।
सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर 108 एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए श्रीकोट मोर्चरी भेज दिया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने हटवाकर आवाजाही सामान्य कराई। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।








