सतपुली। राष्ट्रीय राजमार्ग 534 पर गुमखाल-सतपुली के बीच रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। सतपुली मल्ली के पास कोटद्वार से सतपुली की ओर जा रही बोलेरो पर पहाड़ी से बोल्डर आ गिरा।
बोल्डर की चपेट में आने से बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। एक घायल को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया। दूसरा व्यक्ति वाहन में बुरी तरह फंस गया था। SDRF ने कटर मशीन से वाहन को काटकर उसे बाहर निकाला। दोनों घायलों को हंस अस्पताल सतपुली में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के चलते पहाड़ी कटिंग से पत्थर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






