ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में मई महीने में हुए उज्जैनी एक्सप्रेस रेल हादसे के मामले में रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के करीब छह महीने बाद स्टेशन मास्टर और लोको पायलट समेत 10 अधिकारी-कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की गई है। लापरवाही के आरोपों की जांच के बाद रेलवे ने संबंधित कर्मचारियों की पिछले तीन वर्षों की वेतन वृद्धि वापस लेने के साथ अगले तीन वर्षों तक पदोन्नति और वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी है।
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, 18 मई 2026 को ऋषिकेश के खांड गांव के पास उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन कोच और इंजन पटरी से उतर गए थे। घटना उस समय हुई जब ट्रेन को शंटिंग के लिए खड़ा किया गया था।
जांच में सामने आया कि लोको पायलट की अनुपस्थिति में ट्रेन को सुरक्षित रखने के लिए लगाए गए चेन और पहियों के नीचे लगाए गए सुरक्षा गुटके हटा दिए गए थे। इसके बाद ट्रेन अपने आप चल पड़ी और हादसे का शिकार हो गई।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन में यात्री मौजूद नहीं थे।










