पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मंगलवार को एक ऐसा वीडियो साझा किया जिसने उत्तराखंड की राजनीति में फिर से पुराना डेनिस वाला किस्सा जिंदा कर दिया। अपने पैतृक गांव मोहनरी से उन्होंने धूप में बैठकर गेठी खाने और चाय पीने का वीडियो पोस्ट किया और उसी के बहाने भाजपा पर तीखा तंज कस दिया।
एक वायरस वीडियो में रावत हाथ में चाय का गिलास लिए नजर आ रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देखिए मेरे हाथ में डेनिस का गिलास है और मैं गेठी के साथ डेनिस चाय का आनंद ले रहा हूं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा वाले चाहें तो डेनिस नहीं, तो हिलटॉप, माल्टा, काफल जैसे अपने बनाए नए ब्रांडों का आनंद ले सकते हैं।
दरअसल डेनिस का नाम उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चर्चा में रहा है। रावत के मुख्यमंत्री रहते हुए इस नाम का एक ब्रांड बाजार में आया था, जिसको लेकर भाजपा लगातार उन पर निशाना साधती रही है। भाजपा ने तो रावत को डेनिस बाबा तक कहकर प्रचार किया था। रावत का जवाब हमेशा यही रहा है कि कभी जिसे जहर बताया गया, वह बाद में सत्ता बदलने के बाद भी बाजार में और कैंटीन में बिकता रहा।
रावत इस बार भी उसी पुरानी बहस को आगे ले गए। उनका कहना है कि उन्होंने शराब नीति को बागवानी से जोड़ने की कोशिश की थी, ताकि प्रदेश के फल, सब्जी और गन्ने का इस्तेमाल हो सके और किसानों को फायदा मिले। उनके मुताबिक इसी नीति से लक्सर की शुगर मिल को भी सहारा मिला था। अब भाजपा सरकार ने भी इसी तरह कई नए ब्रांड उतारे हैं, तो फिर दोहरा मापदंड क्यों अपनाया जाता है।
चुनाव से पहले रावत का यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। समर्थक इसे रावत का पुराना देसी अंदाज बता रहे हैं, वहीं भाजपा खेमे में इस पर तीखी प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है।











