देहरादून। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की नीट काउंसलिंग में अंकों के कथित हेरफेर का बड़ा मामला सामने आया है। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी अनुराग खरे ने अपनी पुत्री आस्था खरे के नीट स्कोरकार्ड में 315 अंक होने का दावा करते हुए विश्वविद्यालय की काउंसलिंग सूची में 215 अंक प्रदर्शित किए जाने पर आपत्ति जताई है।
विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पाण्डेय की ओर से 24 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार, छात्रा के पिता ने 23 नवंबर को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी। उन्होंने 315 अंकों का स्कोरकार्ड और दो अलग-अलग आवेदन फॉर्म भी प्रस्तुत किए, जिनमें एक में 315 और दूसरे में 215 अंक दर्ज थे।
दोनों दस्तावेजों में 100 अंकों का अंतर सामने आने के बाद मामला संदिग्ध हो गया। प्रकरण को काउंसलिंग बोर्ड के समक्ष रखा गया। बोर्ड ने प्रकरण को संदिग्ध एवं अवांछनीय मानते हुए विश्वविद्यालय को प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
विश्वविद्यालय ने भी पत्र के माध्यम से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और जांच कराने का आग्रह किया है।
अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि छात्रा के अंकों में अंतर तकनीकी त्रुटि का परिणाम है या दस्तावेजों में कथित हेरफेर किया गया। फिलहाल विश्वविद्यालय के पत्र में दर्ज आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच का परिणाम सामने आना बाकी है।










