देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में व्यापारी पंकज मित्तल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिल्डर पुनीत अग्रवाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पंकज मित्तल मूल रूप से पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले थे। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 26 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे पंकज मित्तल दो मंजिला इमारत के नीचे घायल अवस्था में मिले थे, उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आई है।
मृतक के भाई अजय मित्तल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि व्यापारिक लेन-देन को लेकर पंकज मित्तल को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। शिकायत के मुताबिक सुसाइड नोट में भी बिल्डर पुनीत अग्रवाल पर व्यापारिक लेन-देन को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने 26 अक्टूबर की रात 11 बजकर 24 मिनट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच उप निरीक्षक दीपक द्वेदी को सौंपी है। पुलिस अब सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों, व्यापारिक लेन-देन से जुड़े तथ्यों और मौत से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी और फिलहाल बिल्डर पर लगे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।











