श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में गुरिल्ला संगठन ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार को एक सप्ताह का समय दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने साफ कहा है कि अगर एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर कोई ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो नवंबर माह में प्रदेश की अस्थायी राजधानी देहरादून में अनिश्चितकालीन उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इसको लेकर मंगलवार को श्रीनगर स्थित काली कमली धर्मशाला में गुरिल्ला संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में लंबे समय से लंबित पड़ी मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने कहा कि कई बार ज्ञापन और आश्वासन के बाद भी सरकार स्तर से कोई ठोस पहल नहीं हुई है जिससे गुरिल्लाओं में भारी नाराजगी है।
बैठक खत्म होने के बाद संगठन के सदस्य जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि गुरिल्ला संगठन की मांगों का समाधान सचिवालय स्तर पर जल्द से जल्द किया जाए ताकि उन्हें आंदोलन का रास्ता न अपनाना पड़े।










