देहरादून के पॉश इलाके राजपुर के डोम गांव में जमीन के एक बड़े खेल का खुलासा हुआ है, जहां करोड़ों रुपये की जमीनों को लेकर धोखाधड़ी की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की है। एसएसपी को दी गई शिकायत पर सरदार हरजिंदर पाल सिंह बंगा, उनके सहयोगी परमीत सिंह उर्फ पम्मी और कुंवर जावेद राव को आरोपी बनाया गया है।
पीपल मंडी निवासी अंकित अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट के वकील डॉ. नितिन कुमार गुप्ता के जरिए शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि जमीन मालिक बंगा ने पहले आरटीजीएस के जरिए पैसा लेकर अलग-अलग खरीदारों को रजिस्ट्री कर दी, फिर उसी जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी कुंवर जावेद राव के नाम कर दी और दोबारा सौदे कर दिए। इससे एक ही जमीन पर कई मालिक बन गए। अब मूल खरीदारों पर जमीन लौटाने का दबाव बनाए जाने का भी आरोप है। इस मामले में दिल्ली EOW में भी शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद राजपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।











