बरेली/देहरादून। खुद को ईमानदार बताने वाली उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का असली चेहरा बरेली में बेनकाब हो गया है। मंत्री जी का 12 हजार वर्ग मीटर में फैला तीन मंजिला आलीशान फार्म हाउस पूरी तरह से अवैध निकला है।
खुलासा हुआ है कि इज्जतनगर के लालपुर गांव में बना ये फार्म हाउस बिना नक्शा पास कराए ही खड़ा कर दिया गया है। अंदर आलीशान कोठी, गेस्ट हाउस और स्वीमिंग पूल तक बना है, लेकिन बरेली विकास प्राधिकरण से इसकी कोई अनुमति ही नहीं ली गई।
जब मामला पकड़ में आया तो 2024 में कंपाउंडिंग के लिए आवेदन तो कर दिया, लेकिन आज तक उसका शुल्क तक जमा नहीं किया। यानी नियमों को ठेंगा दिखाना जारी है।
सबसे बड़ा सवाल जमीन की खरीद पर है। जांच में सामने आया है कि फार्म हाउस की जमीन अलग-अलग गाटा संख्या में खरीदी गई है ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। इसमें 3300 वर्ग मीटर जमीन सीधे मंत्री रेखा आर्या के नाम पर है, जबकि बाकी जमीन कृष्णा वैष्णवी इंटरप्राइजेज के नाम है, जिसमें मंत्री जी की हिस्सेदारी खुद उनके चुनावी हलफनामे में दर्ज है।
एक तरफ उत्तराखंड में भ्रष्टाचार पर बड़े-बड़े भाषण और दूसरी तरफ बरेली में अवैध निर्माण का ये साम्राज्य, मंत्री जी के दोहरे चरित्र को उजागर करता है। अब बीडीए ने पूरे दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही इस अवैध फार्म हाउस पर बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।











