रुड़की। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। दलबदल के बीच रुड़की में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। दर्जनों भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए।
कांग्रेस महानगर कार्यालय सिविल लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और वैभव सैनी ने सभी नए सदस्यों को कांग्रेस का पटका और फूल माला पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस मौके पर राजेंद्र चौधरी ने कहा कि पिछले 12 साल में भाजपा सरकार की नीतियों से जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर लोगों में नाराजगी है। कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में अमित कुमार, बिजेंद्र चौधरी, राव हसीन समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम में सुनील शर्मा, ओवेस अंसारी, डॉ. हरवेंद्र सिंह, यासमीन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।










