रुद्रप्रयाग। केदारनाथ-वासुकीताल ट्रैक रूट पर गए पांच पर्वतारोही संपर्क टूटने के बाद लापता हो गए थे। बुधवार को उनसे संपर्क होने के बाद उनके सुरक्षित होने की सूचना मिली है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
परिजनों ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को बताया कि पांचों से संपर्क हो गया है और वे सुरक्षित हैं। सभी ट्रैकर्स गंगी-घुत्तू, टिहरी की ओर से निकल गए हैं।
ट्रैकिंग दल में चंद्रापुरी निवासी और 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार में तैनात अमित फर्स्वाण, जग्गी बगवान निवासी और 40वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग में तैनात नवीन रावत, उत्तरकाशी वन विभाग में फॉरेस्टर प्रवेश चौहान, जग्गी बगवान निवासी विवेक और रांउलैंक निवासी व वर्तमान में केदारनाथ में पशुपालन विभाग में तैनात संजय सिंह रावत शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पांचों 25 सितंबर को केदारनाथ-वासुकीताल ट्रैक पर गए थे। इसके बाद उनकी ऑडेन कोल ट्रैक के रास्ते गंगोत्री जाने की योजना थी।






