देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता और वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मंगलवार देर रात उनका इस्तीफा सामने आने के बाद सियासी हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के मुताबिक रामशरण नौटियाल लंबे समय से पार्टी के भीतर स्थानीय नेताओं के रवैये से नाराज चल रहे थे। बताया जा रहा है कि साल 2023 से ही क्षेत्रीय स्तर पर उनकी अनदेखी की जा रही थी, जिसके चलते वह असहज महसूस कर रहे थे। कई बार उन्होंने अपनी नाराजगी पार्टी फोरम में भी जाहिर की थी, लेकिन समाधान न होने पर आखिरकार उन्होंने भाजपा छोड़ने का फैसला ले लिया।
गौरतलब है कि रामशरण नौटियाल ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में चकराता विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। चकराता जौनसार-बावर क्षेत्र की महत्वपूर्ण सीट मानी जाती है। हालांकि उस चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे।
रामशरण नौटियाल जौनसार क्षेत्र के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं और उनकी अपनी एक अलग पकड़ मानी जाती है। उनके भाजपा छोड़ने को चकराता की राजनीति में बड़ा झटका माना जा रहा है।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि वह किस दल में शामिल होंगे या निर्दलीय तौर पर आगे की रणनीति तय करेंगे, लेकिन उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि जल्द ही वह अपने अगले राजनीतिक कदम का ऐलान कर सकते हैं।









