पौड़ी। उत्तराखंड हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद पौड़ी पुलिस ने निजी वाहनों पर फर्जी पदनाम और सरकारी पहचान दिखाकर रौब झाड़ने वालों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत अब तक 130 निजी वाहनों से अनधिकृत नेम प्लेट, पदनाम पट्टिकाएं और पहचान संबंधी स्टीकर हटाए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में निजी कार, जीप और बाइक की सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि निजी वाहनों पर किसी भी प्रकार की फर्जी नेम प्लेट या सरकारी विभाग से मिलता-जुलता स्टीकर लगाना मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। चेकिंग के दौरान जिन वाहनों पर ऐसी प्लेटें मिलीं, उन्हें मौके पर ही हटाया गया और चालकों को भविष्य में ऐसा न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने कहा है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।








