रिपोर्ट-हरीश चंद्र
ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण और मुख्यमंत्री की घोषणा को धरातल पर उतारने की मांग को लेकर तहसील परिसर ऊखीमठ में चल रहा धरना और क्रमिक अनशन मंगलवार को 9वें दिन भी जारी रहा।
9वें दिन सभासद बलवीर सिंह पंवार, महाबीर सिंह रावत, कर्मबीर बटवाल, मदन धर्मवान और पूर्व प्रधान जगदीश लाल क्रमिक अनशन पर बैठे।
आंदोलन को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी, केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी और पूर्व कनिष्ठ प्रमुख शैलेन्द्र कोटवाल ने भी समर्थन दिया।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमंत तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए उनका पूरा प्रयास रहेगा और सरकार को पीएचसी उच्चीकरण की मांग को शीघ्र पूरा करना चाहिए। वहीं केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि यह मांग क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकता से जुड़ी है और सभी जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आंदोलन में शामिल होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांग पूरी नहीं की तो ऊखीमठ की जनता को अपने क्रांतिकारी आंदोलन के इतिहास को दोहराने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
आंदोलनकारियों का कहना है कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रही है। मुख्यमंत्री की घोषणा पर शीघ्र शासनादेश जारी कर पीएचसी में आवश्यक चिकित्सकों और स्टाफ की नियुक्ति की जानी चाहिए।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव भट्ट, सभासद प्रदीप धर्मवाण, प्रताप धर्मवान, दिनेश जमलोकी, तेज प्रकाश त्रिवेदी, राजपाल सिंह पंवार, जयंत नौथानी, पूर्व प्रधान संदीप पुष्पवान, पूर्व सभासद रवीन्द्र बॉबी रावत, करमवीर, मनीष कुंवर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।








